ABC News: कानपुर में हुए अवैध किडनी ट्रांसप्लांट में रावतपुर पुलिस ने दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए दोनों अभियुक्त आहूजा हॉस्पिटल में हुए किडनी ट्रांसप्लांट के मामले में शामिल थे.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अखिलेश तिवारी और सैफुद्दीन हैं. अखिलेश ने जीएनएम नर्सिंग का कोर्स किया हुआ है और सैफुद्दीन ओटी टेक्नीशियन है. सैफुद्दीन ने रोहित को अखिलेश तिवारी से मिलवाया था. रोहित के संपर्क के बाद दोनों आहूजा हॉस्पिटल आए और यहां पर अवैध रूप से हुए किडनी ट्रांसप्लांट में दोनों शामिल रहे.दोनों ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि प्रति आपरेशन में उन्हें 50 हजार रूपए मिलते थे. इसके पूर्व भी रोहित और उसकी टीम के साथ अवैध किडनी ट्रांसप्लांट यह दोनों करा चुके हैं. डीसीपी वेस्ट ने बताया कि अभी दोनों अभियुक्तों से और गहनता से पूछताछ की जाएगी. जो अन्य फरार अभियुक्त हैं. उनकी भी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

