ABC News: रावतपुर थाना क्षेत्र में शोहदे की प्रताड़ना से तंग युवती ने देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. युवती कानपुर देहात की रहने वाली थी और वह रावतपुर में अपनी बहन के घर पर आई थी. आरोप है कि इस दौरान मोहल्ले में रहने वाला युवक उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे प्रताड़ित कर रहा था.

रावतपुर थानाक्षेत्र के जयप्रकाश नगर निवासी युवक ने बताया कि उसकी पत्नी की डिलीवरी के दौरान उसकी बहन घर पर आयी हुई थी. बच्चे की छठी समारोह में मोहल्ले में रहने वाला युवक आया था. इसी दौरान दोनों में मेलजोल हो गया. इस दौरान बच्चे की देखभाल के लिए चार महीने से युवती घर पर ही थी. आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा कर उसकी कुछ फोटो खींच ली. उसे ब्लैकमेल करते हुए रात में मिलने के लिए बुलाने लगा. युवती के जीजा को जब इसके बारे में पता चला तो उसने साली को काफी डांट फटकार लगाई. इस दौरान युवती ने आरोपी युवक से मिलना बंद कर दिया. इससे नाराज युवक ने युवती की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी. परिजनों का आरोप है कि बदनामी के डर से पीड़िता ने मंगलवार की रात कमरे में फंदा लगा कर जान दे दी. सुबह जब वह लोग जागे तो रिया का शव फंदे से लटकते हुए देखा.

