ABC News: चकेरी स्थित रामादेवी मेडिकल सेंटर से बॉलीवुड की चर्चित फिल्म गब्बर का सीन एक बार फिर जीवंत हो उठा. परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में भर्ती मरीज की मौत के बाद भी डॉक्टर उसका उपचार करते रहे और उसके नाम पर बिल भी बनता रहा.
बताया जा रहा है कि फतेहपुर के हुसैनगंज निवासी राजाराम को 16 मई को गंभीर हालत में कानपुर लाया गया था. परिजनों का कहना है कि आंत फटने की वजह से उन्हें रामादेवी मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया. यहां पर डॉक्टरों ने कि इलाज में करीब 60 से 70 हजार रुपये का खर्च आने की बात कही. राजाराम के बेटे हिमांशु मौर्य ने बताया कि अब तक इलाज के नाम पर 2 लाख 38 हजार रुपये से अधिक वसूले जा चुके हैं.
हिमांशु का कहना है कि वह खुद पेशे से मजदूर हैं और पिता के इलाज के लिए कर्ज लेकर अस्पताल के बिलों का भुगतान कर रहे थे. आरोप है कि मंगलवार की रात अस्पताल में पर्चे बनते रहे और ज्यादा रकम की डिमांड की गई तो परिजनों को शक हुआ. इस पर उन्होंने डायल 112 वा फोन कर पुलिस को बुलाया. परिजनों का कहना है कि मौके पर पहुंची पुलिस जब आईसीयू में जांच करने पहुंची तो पता चला कि मरीज की पहले ही मौत हो चुकी थी.
इसके बावजूद इलाज के नाम पर परिजनों से रूपया वसूला जा रहा था. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, उन्होंने थाने में किसी तरह की तहरीर नहीं दी. वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने भी परिजनों के आरोप से इनकार किया है.

