ABC News: कानपुर मेें सीएम ग्रिड योजना के तहत हो रहे कार्यों में पहली सड़क 15 जून तक तैयार हो जाएगी. इसके बाद लोग यहां पर आवागमन कर सकेंगे. नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बगिया क्रॉसिंग से केसा दफ्तर कल्याणपुर तक 1040.59 लाख लागत से बन रही इस सड़क में सीवर लाइन, पेयजल लाइन, स्टॉम वॉटर लाइन का पूर्ण हो चुका है. अफसरों का दावा है कि ग्रीनबेल्ट का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है.

बुधवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने चीफ इंजीनियर समेत अन्य अफसरों के साथ इस सड़क का निरीक्षण किया. बताया गया कि सीएम ग्रिड योजना के पहले चरण में यह सड़क स्वीकृति हुई थी. जोनल अभियंता ने यहां पर नगर आयुक्त को बताया कि 15 जून तक सारे कार्य पूर्ण हो जायेंगे. इसके बाद इसे यातायात के लिए शुरू कर दिया जाएगा. नगर आयुक्त ने तेजी से कार्य के निेर्देश देने के साथ ही ग्रीनबेल्ट के प्रत्येक कट पर गेट या फिर उसे बंद करने के निर्देश दिए हैं. वहीं, गुरूदेव चौराहा से चिड़ियाघर तक बन रही सड़क में जगह जगह लापरवाही देखी गई. 2.7 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर सारे अंडरग्राउंड कार्य सड़क की दूसरी पट्टी पर किए जा रहे हैं. अफसरों ने बताया कि यहां पर 1800 मीटर स्टोर्म वॉटर ड्रेन, 420 मीटर सीवर लाइन, 700 मीटर इलेक्ट्रिक एचडीपीई, 400 मीटर ओएफसी, 250 मीटर वॉटर लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है.

इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सभी कार्यों की समयसीमा पूरी होने वाली है लेकिन निरीक्षण के दौरान जो स्थिति दिख रही है, उसमें ऐसा लग रहा है कि इसे पूरा होने में कम से कम एक साल और लग जाएगा. सारे कार्य अधूरे पड़े हुए हैं. न कहीं बैरीकेट लगाए गए हैं और कार्यस्थल पर टेस्टिंग लैब नहीं है, जगह जगह मिट्टी और मलबा फैला हुआ भी पाया गया. इसे देखते हुए नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था एसएस इंफ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड पर 11 लाख का जुर्माना लगाने के साथ जोनल अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. अगस्त तक इस सड़क का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

