ABC News: जाजमऊ थाना क्षेत्र की केडीए मार्केट में शनिवार की सुबह भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि कुछ ही पलों में आग इतनी भायनक हो गई कि आसपास के लोगों को अपना घर छोड़कर मौके से भागना पड़ा. क्षेत्रीय लोगों ने पानी की मोटर चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिली.
बाद में जाजमऊ, मीरपुर समेत कई फायर स्टेशनों से पहुंची दमकल गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. बताया जा रहा है कि जाजमऊ निवासी शराफत और सरताज की केडीए जूता मार्केट में विंग्स स्टार के नाम से दुकान है. इसमें वह ऊपर के तल में परिवार के साथ रहते हैं. शनिवार की सुबह अचानक दुकान मे आग लग गई. दुकान के अंदर से धुआं निकलता देख यहां पर भीड़ जुट गई और ऊपरी मंजिल पर रह रहे शराफत को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद आसपड़ोस के लोगों ने स्वयं के संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग लगातार विकराल होती गई. बाद में दमकल की करीब एक दर्जन गाड़ियों ने दो घंटे से ज्यादा की मशक्कत कर आग पर काबू पाया. दुकान मालिक ने करीब 50 लाख के नुकसान की आशंका जताई है. आग से पहली मंजिल पर रखी गृहस्थी भी जल गई. आग को बुझाने के बाद बाद में यहां पर बुलडोजर भी मंगाया गया, जिसके जरिए जो मलबा सुलग रहा था, उसे किनारे किया गया. सीएफओ का कहना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है.
जूही राखी मंडी में लगी भीषण आग
जूही राखी मंडी में भी आग की वजह से अफरातफरी मची रही. यहां पर लगी आग इतनी विकराल हो गई कि आसपास के लोग अपने घरों से गृहस्थी का सामान निकालकर बाहर निकल आए. बताया जा रहा है कि यहां पर कबाड़ के पांच गोदामों में आग लगी, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 गाड़ियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि जूही राखी मंडी में नीतू सिंह, सिकंदर यादव, गोपी, उमा देवी सहित अन्य की दुकानें शामिल हैं. अग्निकांड में लाखों का कबाड़ जलकर राख हो गया है. आग लगने का कारण कई अवैध कबाड़ की दुकानों को बताया जा रहा है. गौरतलब हो कि यहां पर एक साल में दूसरी बार मंडी में आग लगी है. इसके पहले भी राखी मंडी में कई अग्निकांड हो चुके हैं लेकिन इसको लेकर न तो यहां पर रहने वाले लोग और न ही जिम्मेदार विभागों के अफसर चेत रहे हैं. सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही अलग अलग फायर स्टेशनों से यहां पर 10 गाड़ियां भेजी गईं, उन्होंने शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका जताई है.
सरसैयाघाट की बस्ती में लगी आग
सरसैयाघाट की निषाद बस्ती में भी भोर पहर भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि सुबह करीब बस्ती की एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई. जब तक यहां पर रह रहे लोग कुछ समझते, तब आग काफी विकराल हो गई. इस पर जब शोर गुल मचा तो नींद से जाग रहे लोगों ने हैंडपंप से पानी भरकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल विभाग के कंट्रोल रूम में भी जानकारी दी गई लेकिन काफी देर से यहां पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची. जिसकी वजह से लोगों में नाराजगी देखी गई. आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. जिसकी चिंगारी घरों में रखी जाने वाली चटाई की घास में लग गई. काफी मशक्कत के बाद यहां आग पर काबू पाया गया.

