ABC News: कानपुर में साउथ जोन की पुलिस ने महज छह घंटे के अंदर फैक्ट्री में घुसकर लूटपाट और दंपती को घायल करने के मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से लूट और एक अन्य मकान में चोरी का सारा माल भी बरामद किया है. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि देर रात फैक्ट्री एरिया में अभियुक्त फैसल, विशाल अवस्थी और दीपक गुप्ता ने राजीव वर्मा की केमिकल फैक्ट्री में पहले धावा बोला.
तीनों ने यहां पर चौकीदारी कर रहे अमरनाथ विश्वकर्मा और उनकी पत्नी कौशल्या पर हमला बोलकर बुरी तरह से घायल कर दिया और यहां से फैक्ट्री मालिक का लैपटॉप, दंपती के दो मोबाइल, सोने चांदी के जेवर और एक हजार रूपए कैश लेकर फरार हो गए. इसके बाद बर्रा में डिफेंस कॉलोनी में अनिल गुप्ता के घर चोरी करने पहुंचे लेकिन सफल नहीं हो पाए. इसके बाद यहीं पर रहने वाले ओम नारायण पांडेय के घर धावा बोला. यहां पर चोरी के दौरान आहट हुई तो तीनों चोरी के माल के साथ फरार हो.
इस बीच, दंपती की सूचना पर पुलिस आसपास सक्रिय हो गई और तीनों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया. पुलिस ने तीनों के कब्जे से चोरी और लूट का पूरा माल बरामद किया है. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि तीनों अभियुक्तों की मुलाकात जेल में हुई थी, तीनों पर करीब सात सात मुकदमें दर्ज हैं और सजायाफ्ता रह चुके हैं. जेल से छूटने के बाद तीनों फिर चोरी की घटनाएं करने लगे. घटना से पहले तीनों बारादेवी के पास मिले थे, इसके बाद घंटाघर, चकेरी, पनकी आदि जगह घूमे और फिर वारदात की.फैक्ट्री में किए गए हमले में चौकीदार अमरनाथ की हालत नाजुक बनी हुई है.

