ABC News: श्यामनगर के रामपुरम हाउसिंग सोसाइटी में हुई 70 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने चोरी का खुलासा करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अभियुक्तों में सोना गलाने वाला सर्राफ और मणप्पुरम गोल्ड लोन का ब्रांच मैनेजर भी शामिल है.
गौरतलब हो कि रामपुरम हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले कारोबारी अंकुर दीक्षित के घर पर बीती 28 जून को तब चोरी की घटना हुई थी, जब वह परिवार के साथ चित्रकूट घूमने के लिए गए हुए थे. 30 जून को जब वह वापस आए तो चोरी की वारदात का पता चला था. इस मामले में चकेरी पुलिस ने जब गहनता से पड़ताल की और दर्जनों कैमरों की तलाश की तो चोरों के बारे में पता लग गया. डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों ने सिंचाई विभाग कॉलोनी, कैंट निवासी हरिओम की कार से अभियुक्त आए थे.
इसके बाद कारोबारी के घर में बर्रा के कर्रही निवासी हिंमाशु गौतम, रोहन सचान और कच्ची बस्ती भीमनगर निवासी शिवम राजपूत गए. तीनों ने घर के अंदर से सोने चांदी के जेवरात और कैश चोरी किया और महज 16 मिनट में बाहर आकर फरार हो गए. इसके बाद अभियुक्तों ने बड़े ही शातिराना तरीके से चोरी का 50 फीसदी जेवर सर्राफा व्यापारी संजय सोनी के माध्यम से गलवा दिया.
गले हुए सोने को सर्राफा व्यापारी संजय सोनी ने खास बाजार शिवाला निवासी निमिष गुप्ता को बेच दिया. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि इसके बाद जो चोरी का 50 फीसदी जेवर बचा था, उसको लेकर हरिओम के माध्यम से मणप्पुरम गोल्ड लोन, मालरोड के ब्रांच मैनेजर रोहित दुबे से संपर्क किया गया और चोरी के जेवरों को गिरवी रखकर कैश ले लिया गया.
इसमें हरिओम के आधार कार्ड का उपयोग किया गया. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह रेकी कर उन घरों के बारे में पता लगाते थे, जो बंद रहते थे. इसके बाद वहां पर चोरी कर मणप्पुरम गोल्ड लोन, मालरोड में उसे गिरवी रखकर रकम लेते थे, जिससे वह अपना जीवन यापन करते थे.
इस दौरान पुलिस ने पीड़ित परिवार को भी बुलवाया, जिसमें चोरी की ज्वैलरी की पहचान की. हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि जो माल बरामद हुआ है, वह काफी कम है. डीसीपी पूर्वी का कहना है कि अभियुक्तों के पास से दो लाख 61 हजार कैश भी बरामद हुआ है.
चारों अभियुक्तों के अलावा सर्राफा व्यापारी संजय सोनी, निमिष गुप्ता और मणप्पुरम गोल्ड लोन, मालरोड के ब्रांच मैनेजर रोहित दुबे को भी गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अभियुक्तों पर पूर्व में भी मुकदमें दर्ज हैं.

