ABC News: कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने ऐसे साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है. जो लोगों को पॉर्न वीडियो देखने के नाम पर धमकाता था और फिर उनके साथ ठगी की वारदात करता था. पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है.
गिरोह के सदस्यों के शातिराना अंदाज का पता इसी बात से चलता है कि इनमें से तीन तो ऐसे हैं, जो कक्षा छह से सात तक पढ़े हैं लेकिन अब तक दर्जनों लोगों को अपना निशाना बना चुके हैं. डीसीपी क्राइम एस एम कासिम अदीबी ने बताया कि गृह मंत्रालय द्वारा संचालित प्रतिबिंब पोर्टल पर मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए टीम गठित की गई थी. उन्होंने बताया कि यह गैंग बर्रा, गुजैनी, किदवई नगर आदि इलाकों में सक्रिय था, और अब तक लाखों की ठगी कर चुका है. उन्होंने कहा कि फिलहाल 66 घटनाओं का पता लगा है, क्योंकि इन सभी के पीड़ितों ने मामला दर्ज कराया था.
पता किया जा रहा है कि इसके अलावा इस गैंग ने और कितनों को निशाना बनाया है. आरोपियों के पास से पुलिस को तीन बायोमेट्रिक मशीन, एक फिनो बैंक पेमेंट एटीएम डिवाइस, 38 फिनो बैंक अकाउंट की कॉम्बो किट और 120 से अधिक अलग-अलग कंपनी के सिम बरामद हुए हैं. डीसीपी का कहना है कि जल्द ही गैंग से जुड़े अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा. साथ ही साथ कानपुर के अलावा बाहर किन-किन जिलों में आरोपियों ने ठगी की है उसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है.

