ABC News: कानपुर में एक बार फिर मौसम ने अचानक गियर बदला और दोपहर होते होते मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. इसको लेकर मौसम विशेषज्ञ भी हैरान दिखे. क्योंकि मौसम के पूर्वानुमान में इतनी भारी बारिश की उम्मीद उन्होंने भी नहीं जाहिर की थी.
बताया जा रहा है कि सबसे ज्यादा बारिश काकादेव, शास़्त्रीनगर, शारदानगर, सीएसए, नवाबगंज के आसपास दर्ज की गई. जहां पर करीब आधे घंटे के अंदर ही तकरीबन 25 मिलीमीटर पानी बरस गया. इसके बाद पूरे शहर में कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश होती रही. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि इस बारिश का पूर्वानुमान पहले से ही नहीं था. जलवायु परिवर्तन के बदलते ट्रेंड की वजह से जिस जगह नमी ज्यादा एकत्र हो जाती है, वहां पर कुछ ही समय में भारी बारिश हो जाती है.
बारिश के बाद जलभराव से जूझे लोग
मूसलाधार बारिश के बाद जगह जगह जलभराव के हालात हो गए. शहर से लेकर साउथ सिटी तक लोग जलभराव से जूझते हुए नजर आए. अचानक हुई मूसलाधार बारिश की वजह से परमट में पूरे कॉरीडोर में पानी भर गया. सीसामऊ नाला उफनाने से ग्वालटोली, खलासीलाइन में लोगों के घरों के आगे तक गंदा पानी भर गया. यहां से निकलने में राहगीरों को तमाम मशक्कत का सामना करना पड़ा. इसी तरह सर्वोदयनगर, काकादेव, गीतानगर में गलियों से लेकर मुख्य सड़कों पर पानी भरा हुआ नजर आया. जिन स्थानों पर मेट्रो का काम चल रहा है. वहां पर पानी के साथ कीचड़ ने सड़कों पर चल रहे राहगीरों के सामने दुश्वारियां पैदा कर दीं. साउथ सिटी में गोविंदनगर, किदवईनगर, साकेतनगर की सड़कों पर जगह जगह जलभराव के हालात देखे गए. लोगों का कहना था कि हर बार तेज बारिश में कानपुर की सड़कों पर जलभराव अब आम बात जैसी हो गई ह़ै.
बारिश से गिरी मंदिर की दीवार, सेंट्रल स्टेशन की छत से झरने जैसा बहा पानी
मूसलाधार बारिश ने एक तरफ जहां सड़कों पर लोगों की परेशानियां बढ़ाई. वहीं, सेंट्रल स्टेशन पर यात्री भी इस बारिश में परेशान नजर आए. मूसलाधार बारिश की वजह से सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक में टीन शेड से पानी लगातार बहता रहा. यहां का नजारा इस तरह था, जैसे कोई झरना बह रहा है. इसकी वजह से टीनशेड के नीचे बैठे कई यात्री भीग तक गए. यात्रियों का कहना था कि जब प्लेटफॉर्म नंबर एक का यह हाल है तो सेंट्रल स्टेशन पर अन्य प्लेटफॉर्म का क्या हाल होगा.
गौरतलब हो कि प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास ही रेलवे के सभी आला अधिकारियों के दफ्तर भी हैं. वहीं दूसरी घटना रावतपुर थाना क्षेत्र के केशवपुरम से सामने आयी. यहां पर भूतेश्वर मंदिर के पीछे की दीवार तेज बारिश के बाद अचानक भरभराकर गिर गई. दीवार गिरने की वजह से उसके मलबे में कई वाहन दब गए. इसके अलावा बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गए. जिसकी वजह से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई. हादसे के बाद यहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई.

