ABC News: कानपुर में भले ही बादल रूठकर बारिश न कर रहे हों लेकिन पहाड़ों पर हो रही बारिश और नरोरा से लगातार छोड़े जा रहे पानी की वजह से अब कटरी के गांवों में गंगा की लहरें हलचल पैदा करने लगी हैं. रविवार को गंगा कटरी के लोधवाखेड़ा, रामपुर गांव के खेतों में गंगा का पानी पहुंच गया. जिससे धनिया, लौकी, भिंडी, तोरई, मिर्ची आदि की फसलों को काफी नुकसान हुआ.

खेतों तक जाने के लिए ग्रामीणों को नावों का सहारा लेना पड़ रहा है. यहां पर लगाई गई खीरा और ककड़ी की फसल भी जलमग्न हो गई. यही नहीं, इन गांवों के जानवर भी अब खेतों में चरने के लिए नहीं जा पा रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि धीरे धीरे जानवरों के चारे के लिए भी मशक्कत करनी पड़ेगी. हालांकि, राहत की बात यह है कि गंगा अभी कटरी के गांवों से काफी दूर हैं और इसका पानी चेतावनी बिंदु तक पहुंचते ही चैनपुरवा सबसे पहले बाढ़ की चपेट में आएगा.

इस बीच, रविवार को हरिद्वार से 35 हजार 39 क्यूसेक और नरोरा से 30 हजार 986 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया. इस बीच, गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर 113.400 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 113.220 मीटर पर जलस्तर पहुंच गया है. वहीं शुक्लागंज छोर पर जलस्तर 111.640 मीटर पर पहुंच गया. बिठूर में ब्रह्मा खूंटी तक गंगा का पानी पहुुंच गया है.

