ABC News: कानपुर के सिविल लाइंस स्थित आगमन गेस्ट हाउस की जमीन को वक्फ की बताकर वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश दुबे के साथ उनकी बेटी सौम्या, भाई सर्वेश दुबे और राजकुमार शुक्ला के नाम दर्ज मुकदमे में नया मोड़ आया है. दरअसल, जिस जमीन को वक्फ की बताकर खुद को मुतवल्ली बताकर जिस शख्स ने मुकदमा दर्ज कराया था, उस जमीन सुन्नी वक्फ बोर्ड ने वक्फ की जमीन नहीं माना है. इसके बाद राजकुमार शुक्ला ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन देकर पूरे वाक्ये से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस कमिश्नर ने इस मामले जांच कराकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है.
पुलिस कमिश्नरेट दफ्तर पहुंचे राज कुमार शुक्ला ने बताया कि पिछले साल 13 अगस्त को सुनियोजित साजिश के तहत ग्वालटोली थाने में मुकदमा दर्ज कराया, जिसमें उनके साथ वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश दुबे, पुत्री सौम्या और भाई सर्वेश दुबे को मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर आरोपी बताकर नामजद किया गया. इसको लेकर सक्षम प्राधिकारी के पास शिकायत की गई, जिसके बाद प्रमुख सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण एवं चेयरमैन, सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया. राज कुमार शुक्ला ने बताया कि जांच के बाद सुन्नी वक्फ बोर्ड ने 26 फरवरी को एक आदेश जारी किया, जिसमें संपत्ति संख्या 13/388 को वक्फ संख्या 70-कानपुर के अंतर्गत दर्ज किया जाना अनुचित बताते हुए इसे बोर्ड के अभिलेखों से हटाने की बात कही.
इसके अलावा, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया कि वर्ष 1892 की मूल वक्फ डीड में संबंधित संपत्ति का कोई जिक्र नहीं है तथा डीड में वर्णित सीमाएं वर्तमान संपत्ति विवरण से मेल नहीं खाती हैं. इसके बाद मुख्यमंत्री के पास पत्र भेजकर संबंधित मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग की गई. इस पर अपर मुख्य सचिव ने पुलिस आयुक्त कानपुर को जांच के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि इसी को लेकर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल को सारी बातों को स्पष्ट करते हुए जांच कराने की मांग की गई है.
उन्होंने ने मुकदमा दर्ज कराने वाले मुतवल्ली की भूमिका की जांच कराने की मांग की है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आखिरकार किस आधार पर उसने इस तरह का मुकदमा दर्ज कराया. उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त ने उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है.

