ABC News: कानपुर में पीडीए होली और ईद मिलन समारोह के बहाने सोलंकी दंपती ने न केवल शक्ति प्रदर्शन किया, बल्कि 2027 के चुनावों को लेकर अपनी तैयारियोें का श्री गणेश कर दिया. विधायक नसीम सोलंकी और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के इस पीडीए होली और ईद मिलन समारोह में सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, विधायक रागिनी सोनकर आदि शामिल हुईं.
यहां पर सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि पीडीए से सबसे ज्यादा भाजपा घबराई हुई है, 2027 में यूपी में पीडीए की सरकार बनेगी. सपा के नोएडा को लूट का एटीएम बनाने को लेकर प्रधानमंत्री के बयान पर शिवपाल ने कहा कि बीजेपी ने तो पूरे प्रदेश और देश को लूट लिया है. भाजपा के लोग लुटेरे हैं, इस बात को जनता समझ चुकी है.
भाजपा सिर्फ कुछ पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही हैं. वहीं आजम खां को लेकर कहा कि उनके खिलाफ अत्याचार हुआ है, वह सभी लोग जानते हैं.
वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सपा सरकार में हुए कामों को गिनाते हुए कहा कि लूट कौन कर रहा है, इस बात को सभी जानते हैं. बीजेपी ने जगह जगह लूट के एटीएम बना लिए हैं, उन्होंने कहा कि आजम खां सपा के हमेशा बड़े नेता बने रहेंगे.

