ABC News: कानपुर में अफीमकोठी चौराहे के पास लूट की एक घटना की तफ्तीश कर रही पुलिस ने ऐसा खुलासा किया, जिसे जानकार हर कोई हैरान रह गया. पुलिस की जांच में लूट का पीड़ित ही घटना का असल मास्टरमाइंड निकला. शातिर आरोपी ने लूट की झूठी सूचना देने के नाम पर उस तलाकशुदा महिला से ठगी की योजना गढ़ी थी. जिससे वह सगाई के नाम पर कानपुर आया था, पुलिस जांच में उसके फर्जीवाड़े की कई कहानियां सामने आयी हैं.
डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मेरठ में रहने वाले अंतिम सोनी जोकि मूलत: सराफा व्यापारी है. उसने एक दिन पहले अफीमकोठी के पास लूट की सूचना दी थी. अंतिम ने पुलिस केा बताया कि अनवरगंज स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद जिस आटो में वह बैठा, उसी में मारपीट कर उसके साथ 30 लाख की नकदी और आठ लाख के जेवर लूट लिए गए. पुलिस ने जब जांच शुरू की तो घटना के वक्त अंतिम सोनी की लोकेशन पनकी पड़ाव के पास पायी गई, जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि अंतिम सोनी ने कानपुर की एक तलाकशुदा महिला से एक वेबसाइट के माध्यम से जाल में फंसाया और सगाई के नाम पर कानपुर आया था. उसने महिला को इंप्रेस करने के लिए साथ में कैश और ज्वैलरी लाने की कहानी गढ़ी.
इस दौरान वह लूट की कहानी गढ़कर महिला से ठगी करना चाहता था लेकिन पुलिस ने उसकी सारी योजना को धराशाई कर दिया. इस दौरान अंतिम सोनी ने लुटेरों का जो हुलिया बताया था, वह महिला के दोनों पुत्रों का था. बताया जा रहा है कि वह महिला की भी तीन ग्राम की चेन ले गया था. उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक आइडी पर करीब 15 महिलाओं से बातचीत की चैट मिली है. डीसीपी ने बताया कि मेरठ में जानकारी करने पर पता चला कि अंतिम सोनी शातिर फ्रॉड है और सोने का पानी चढ़ाकर पीतल के जेवर बेचकर धोखाधड़ी करता है. इंदौर में फर्जी जेवर गिरवी रखकर लोन लेने के मामले में वहां की क्राइम ब्रांच इसकी तलाश कर रही है.

