ABC News: नए साल पर केडीए की आवासीय योजनाओं का इंतजार कर रहे लोगों को न्यू कानपुर सिटी का तोहफा मिल सकता है. सब कुछ सही रहा तो जनवरी के महीने में केडीए न्यू कानपुर सिटी को लॉन्च कर देगा. फिलहाल न्यू कानपुर सिटी प्रोजेक्ट के रेरा में रजिस्ट्रेशन की कार्यवाही में केडीए अधिकारी लगे हुए हैं.
गौरतलब हो कि न्यू कानपुर सिटी केडीए की काफी महत्वाकांक्षी योजना है और इसके भूखंडों को खरीदने का आकर्षण भी अभी से देखा जा रहा है. इसके अलावा उचटी में लैंड पूलिंग की दिशा में भी केडीए तेजी से कार्य कर रहा है. केडीए के सचिव अभय पांडेय का कहना है कि केडीए के लैंड बैंक की स्क्रूटनी में विभिन्न आवासीय योजनाओं में एक हजार 500 भूखंड सामने आए हैं. इनकी भी लॉटरी को जल्द निकाला जाएगा. इसके अलावा चकेरी में बसने वाली एयरो सिटी और ग्रेटर कानपुर को लॉन्च करने की दिशा में भी केडीए अधिकारी तेजी से काम कर रहे हैं. इन योजनाओं के आने से कानपुर में भूखंडों को लेकर जद्दोजहद पूरी होने की उम्मीद है. इन सबके बीच केडीए में सोमवार को महावीरनगर योजना के 120 और रामगंगा इंक्लेव के 22 वैकल्पिक भूखंडों की लॉटरी निकाली गई, जिसको लेकर आवंटी भी खासे उत्साहित दिखे.

