ABC News: कानपुर में एक बार फिर से जलनिगम अधिकारियों की लापरवाही जनता पर भारी पड़ते नजर आ रही है. यहां पर सर्वोदयनगर में जलनिगम ने पेयजल लाइन डालने के दौरान अंग्रेजों के जमाने के डॉट नाले को तोड़ दिया.
हद तो तब हो गई जब उसी डॉट नाले के अंदर से 1600 एमएम की पाइप लाइन को भी डाल दिया. नाले को तोड़कर उसके अंदर से पाइप लाइन डालने का अंजाम यह हुआ कि नाले से निकलने वाले पानी अब पूरी तरह से फ्लो में बह नहीं पा रहा है और सर्वोदयनगर में जगह जगह सीवर भराव हो रहा है.
इसकी वजह से यहां पर रहने वाले लोग परेशान है. उनका कहना है कि पिछले एक महीने से इसी तरह की समस्या का सामना वह लोग कर रहे हैं. मौके पर काम करने वाले ठेकेदार भी उनकी नहीं सुन रहे हैं. इस समय सर्वोदयनगर के हर घर के बाहर सीवर का पानी भरा नजर आ रहा है.
स्थानीय पार्षद का भी कहना है कि लगातार दौड़भाग के बाद जलनिगम ने ट्रैक्टर लगाकर काम कराना शुरू किया है.
उनका कहना है कि जो डॉट नाला तोड़ा गया है न तो उसकी मरम्मत हो रही है और न ही इसके अंदर जो पाइप लाइन डाली गई है, उसको लेकर कोई फैसला हो पाया है.

