ABC News: नगर निगम सदन में मंगलवार को पार्षदों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की. पार्षदों का कहना था कि अतिरिक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर को नगर निगम सदन कार्यमुक्त करने का आदेश जारी कर चुका है. इसके बावजूद डॉ.चंद्रशेखर नगर निगम में अभी भी तैनात हैं.
पार्षदों का आरोप था कि डॉ. चंद्रशेखर उनकी बात नहीं सुनते हैं और अभद्रता करते हैं. इस दौरान सदन में ही डॉ. चंद्रशेखर के खिलाफ पार्षदों ने जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया. इस पर नगर आयुक्त ने पार्षदों को शांत करते हुए कहा कि वह खुद साल 2004 के शासनादेश को दिखवाएंगे. इस शासनादेश के अनुसार अगर वह पद समाप्त हो गया है, तो उसे शासन में भेजकर डॉ. चंद्रशेखर के खिलाफ संस्तुति की जाएगी.
वहीं, नामांतरण शुल्क केा लेकर जब प्रस्ताव रखा गया तो महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि इसका मामला कोर्ट में चल रहा है. इसलिए इस पर अभी निर्णय नहीं लिया जा सकता है. ऐसे में कानपुर के लोगों को एक प्रतिशत नामांतरण शुल्क से राहत फिलहाल नहीं मिल पाएगी. इससे पहले दोपहर करीब पौने चार बजे जब सदन शुरू हुआ तो पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों और दो पार्षदों के अभिभावकों के निधन पर मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई.
सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने को लेकर पार्षदों और अफसरों को शपथ दिलाई गई. इस दौरान स्ट्रीट लाइट्स को लेकर पार्षदों ने मुख्य अभियंता मार्ग प्रकाश को घेरा. मुख्य अभियंता मार्ग प्रकाश विभाग का टोल फ्री नंबर तक नहीं बता पाए. इसके बाद नगर आयुक्त ने रिपेयरिंग की लाइटों को 72 घंटे के अंदर लगाने का निर्देश दिया. गारंटी पीडियड में लाइट रिपेयर न करने पर संबंधित कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने के भी निर्देश दिए.वहीं, वाडों में सफाई कर्मियों को लेकर पार्षदों की मांग पर महापौर ने बताया कि जिन वार्डों में सफाई कर्मचारी रिटायर हो गए हैं या फिर जहां पर मृतक आश्रितों की नियुक्ति होनी है, वहां पर सूची बनाई जा रही है. 15 दिन के अंदर इस सूची को फाइनल कर वार्डों में सफाई कर्मचारियेां की तैनाती की जाएगी.

