ABC News: देशभर में आज विजयादशमी का पर्व मनाया जा रहा है. जगह जगह रावण का पुतला दहन किया जाएगा, लेकिन कानपुर के शिवाला में एक ऐसा मंदिर है जहां दशानन की पूजा अर्चना और अभिषेक किया जाता है. दशानन का यह मंदिर सैकड़ों वर्ष पुराना है. जो कि साल में सिर्फ दशहरे के दिन 12 घंटे के लिए खोला जाता है और बड़ी संख्या में यहां शहर के आसपास जिलों से भी भक्त दर्शन के लिए आते हैं.

मंदिर के पुजारी ने बताया कि दशानन के इस मंदिर में शक्ति और बुद्धि के प्रतीक के स्वरूप में रावण की पूजा होती है और श्रद्धालु तेल के दिए जलाकर मन्नतें मांगते हैं. वही परंपरा के अनुसार इस बार भी सुबह सात बजे मंदिर के कपाट खोले गए और रावण की प्रतिमा का अभिषेक श्रृंगार किया गया. इसके बाद आरती हुई. पूरे दिन भक्त यहां दशानन की पूजा करेंगे और शाम होते ही मंदिर के दरवाजे एक साल के लिये बंद कर दिए जाएंगे. बता दें कि दशानन के मंदिर को लेकर एक और मान्यता बताई जाती है.

पुजारी का कहना है कि जब रावण के मंदिर की 1800 संवत में स्थापना हुई तो उससे पहले कैलाश महादेव और माता आदिशक्ति की स्थापना हुई थी जिसके बाद रावण को यहां उनके पहरेदार के रूप में स्थापित किया गया था.

