ABC News: कानपुर की बिगड़ैल ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए शुक्रवार को पुलिस आयुक्त अखिल कुमार और डीएम विशाख जी सड़क पर उतरे. इसमें पुलिस आयुक्त ने जहां रावतपुर का जायजा लिया. वहीं डीएम विशाख जी ट्रैफिक पुलिस के अफसरों के साथ टाटमिल चौराहा का निरीक्षण करने पहुंचे.

एडीसीपी ट्रैफिक अंकिता शर्मा के साथ निरीक्षण के दौरान डीएम ने कई अहम बिंदुओं पर मंथन किया. इस दौरान डीएम ने एडीसीपी को निर्देश दिए कि टाटमिल पुल का इंजीनियरिंग प्वाइंट से सर्वे कराते हुए चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कराकर उसे रेलवे और सेतु निर्माण निगम को भेजा जाए. फ्री लेफ्ट लेन के लिए रेलवे से एनओसी जल्द प्राप्त करने को कहा गया. केडीए के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए गए कि फ्री लेफ्ट लेन करने के दौरान बिजली पोल आदि की शिफ्टिंग को लेकर भी स्टीमेट तैयार कर लिया जाए. इसके अलावा बाबूपुरवा से घंटाघर जाने वाला रास्ता भी चौड़ा किया जाएगा,, इसका प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया. वहीं, पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने रावतपुर क्रॉसिंग और रावतपुर तिराहा का निरीक्षण किया,,,इस दौरान डायवर्जन को लेकर यहां पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए.

