ABC News: कानपुर के रावतपुर थानाक्षेत्र के काकादेव में तलाकशुदा महिला के साथ लिवइन में रहने वाले युवक की संदिग्ध मौत हो गई. लिवइन में रहने वाली महिला ने युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है जबकि परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाया है.
पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला है कि घटनाक्रम से पहले दोनों ‘सैयारा’ फिल्म देखकर आए थे. उसके बाद मकान के पास ही दोनों ने पिज़्ज़ा भी खाया. युवक की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मचा हुआ है. बताया जा रहा है कि जरौली फेस-2 में रहने वाले स्वीट हाउस संचालक अर्जुन शुक्ल के बेटे लखन का छह महीने पहले बर्रा के हरदेवनगर में रहने वाली तलाकशुदा महिला गुनगुन से संपर्क हुआ था.
परिजनों और आसपड़ोस के लोगों का कहना था कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और करीब दो महीने पहले लखन घर छोड़कर गुनगुन के साथ काकादेव के ओम चौराहे के पास किराए के मकान में रहने लगा. परिजनों का कहना है कि गुरूवार सुबह उन्हें अपने बेटे की मौत की जानकारी मिली. इसके बाद वह लोग मोहल्ले वालों के साथ हैलट अस्पताल आए लेकिन तब तक शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा चुका था. परिजनों का आरोप है कि लखन घर से करीब छह लाख के जेवर लेकर महिला के साथ भागा था. पिता का कहना है कि जब से वह महिला के संपर्क में आया, तब से उस पर लाखों रूपए खर्च कर दिए.
आरोप है कि महिला ने ही लाखों रुपए वसूल लिए और जब रुपए आने बंद हो गए तो उसी महिला ने बेटे की हत्या कर दी है. इसको लेकर परिजनों ने पुलिस को तहरीर भी दी है. मृतक के पड़ोसियों का कहना है कि जब वह लोग उस कमरे में गए तो वहां की परिस्थितियां सुसाइड की जगह हत्या की तरफ इशारा कर रही थीं. उसके शरीर में चूड़ियों के भी निशान मिले हैं. परिजनों और पड़ोसियों ने जब आसपास पूछताछ की तो पता चला कि लखन और गुनगुन ‘सैयारा’ फिल्म देखकर आए थे.
घर जाने से पहले दोनों ने साथ बैठकर पिज़्ज़ा भी खाया. पुलिस की जांच में पता चला कि दोनों के बीच बुधवार रात को किसी बात पर झगड़ा हुआ था. जिसके बाद युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. सुबह जब गुनगुन सोकर उठी तो लखन को लेकर हैलट पहुंची और पुलिस को सूचना दी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह पता लगेगी.

