ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) अप्रैल में शरीर झुलसाने वाली गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर दिया है. सूर्यदेव के तेवर इतने तल्ख हो गए हैं कि अभी अप्रैल का आधा महीना ही बीता है कि पारा 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है. सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर पहुंचा तो इसका असर सड़कों पर भी नजर आया. धूप के तेवरों से बचने के लिए हर कोई छांव तलाशता नजर आया.

बात अगर पिछले 24 घंटे के अधिकतम तापमान की करें तो इसमें दो डिग्री की बढ़त दर्ज की गई है. सीएसए के मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पर रहा. गर्मी और धूप के तेवरों के आगे सभी बेहाल नजर आए. घरों में कूलर और एसी धड़ाधड़ चलते रहे. सड़कों पर भी दोपहर के समय अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखी. हर जगह लोग सिर्फ छांव तलाशते हुए नजर आए. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने का अनुमान जताया है.

