ABC News: घाटमपुर पुलिस ने ताबड़तोड़ एक के बाद एक महिलाओं से चेन और बाले लूटेने वाले दो शातिर लुटेरों को अरेस्ट कर लिया. स्पोर्ट्स बाइक से फर्राटा भरने वाले शातिर लुटेरे बच्चा लिए महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे. बच्चा गोद में होने के चलते महिलाएं विरोध नहीं कर पाती और शातिर भाग जाते थे. करीब एक दर्जन लूट की वारदातों का दोनों ने खुलासा किया है. पुलिस ने बाइक समेत दोनों को दबोचा और लूट का माल भी बरामद किया है.

एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने सोमवार को अपने दफ्तर में प्रेसवार्ता करके लूटेरों का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स बाइक सवार दोनों युवक घाटमपुर से लेकर कानपुर देहात तक करीब एक दर्जन से ज्यादा लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके थे. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से शिनाख्त करने के बाद दोनों को अरेस्ट कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान कानपुर देहात रूरा थाना क्षेत्र के राम नगर निवासी किशन गुप्ता और सुमित गौतम के रूप में हुई है. दोनों के पास से दो जोड़ी सोने के झुमके, स्पोर्ट्स बाइक और साढ़े पंद्रह हजार रुपए बरामद किया है. दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया. दोनों शातिर लुटेरे मोबाइल से रील बनाने के बहाने हाईवे व अन्य मार्गों पर चलते रहते थे. इस दौरान जो भी महिला गोद में बच्चा लिए हुए और कान में कुंडल पहने दिखती थी उसको यह शातिर अपना शिकार बनाते थे. हाथ में बच्चा होने के कारण महिला इसका विरोध नहीं कर पाती और तब तक यह वारदात करके नौ दो ग्यार हो जाते थे. वारदात के दौरान सुमित गौतम बाइक चलाता था और किशन गुप्ता झपट्टा मारकर चेन, कुंडल समेत अन्य जेवरात की लूट करता था. शातिर इतना एक्सपर्ट है कि दोनों हाथों से महिलाओं के दोनों कान के जेवरात लूट लेता था. शातिरों ने बताया कि रोजाना बाइक से लूट के उद्देश्य से निकलते थे तथा मौका मिलते ही घटना कारित कर देते थे. दोनों लुटेरों के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा लूट के मुकदमें दर्ज हैं. साढ़ थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी सत्यप्रकाश यादव की पत्नी सुनैना 10 अप्रैल की शाम को बाइक से बरईगढ़ गांव बहन के घर जा रही थी. साढ़ जहानाबाद मार्ग पर दौलतपुर गांव के मोड़ के पास बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर सुनैना के दोनों कान के झाले लूट लिए थे. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी. सुनैना ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए साढ़ थाने में तहरीर दी थी, लेकिन अब लुटेरों की गिरफ्तारी के बाद साढ़ थाने की पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है.

