ABC News: कल्याणपुर में अधिवक्ता राजेश सिंह की हत्या के विरोध में कानपुर कचहरी में वकील हड़ताल पर रहे. इस दौरान बार एसोसिएशन पदाधिकारियों से मिलने के लिए पुलिस अफसर भी पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ की गई अब तक की कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया. अधिवक्ताओं की हड़ताल से सबसे ज्यादा समस्या वादकारियों को उठानी पड़ी और दूर दूर से आए वादकारी अगली तारीख लेकर वापस लौट गए.
इसके बाद यहां से बार और लॉयर्स एसोसिएशन पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और यहां पर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा. बार एसोसिएशन अध्यक्ष इंदीवर बाजपेयी ने कहा कि वह लोग पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी के अलावा हत्या का यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की डिमांड कर रहे हैं. मांग पत्र में अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों की रोकथाम को लेकर सख्त कदम उठाने और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की.
बार एसोसिएशन महामंत्री अमित सिंह ने बताया कि जिला जज से भी उन लोगों की बातचीत हुई है. पीड़ित परिवार की सहायता के लिए जिला जज, डीएम ने भी अपनी तरफ से सहयोग राशि दी है. उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार के लिए ठोस कदम और मुआवजा नहीं मिलता, तब तक वह लोग अपने आंदोलन को वापस नहीं लेंगे.

