ABC News: कानपुर में वीआईपी रोड पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला. देर रात यहां पर तेज गति से दौड़ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक कार में फंसी बाइक और घायल को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया. स्थानीय लोगों ने किसी तरह दौड़ाकर कार चालक को पकड़ा और मारपीट करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि पुराना कानपुर निवासी फैजल अहमद बकरमंडी में बाइक मैकेनिक था. देर रात वह काम खत्म कर बाइक से घर जा रहा था. परिजनों ने बताया कि आरपीएच के पास तेज रफ्तार मारूति ब्रेजा कार ने पहले उसकी बाइक में टक्कर मारी, इसके बाद कार चालक ने गाड़ी को रोकने की जगह उसे भगा दिया और कार में फंसी बाइक और फैजल को काफी दूर तक घसीटता ले गया.
किसी तरह राहगीरों ने कार को रूकवाया और पुलिस को सूचना दी.बुरी तरह से घायल फैजल को हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.ग्वालटोली पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

