ABC News: गंगा बैराज पर होने वाली बाइक रेसिंग और स्टंट ने एक और जान ले ली. देर रात यहां पर हो रही बाइक रेसिंग के दौरान बाइक सवार युवकों ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी. जिसमें एक युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली बुरी तरह से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि डीएवी कॉलेज की छात्रा और शुक्लागंज निवासी भाविका गुप्ता रात में अपनी सहेली नेहा के साथ स्कूटी से गंगा बैराज के पास गई थी. यहां पर वह स्कूटी से यू टर्न ले रही थी, तभी यहां पर अपनी बाइक से स्टंट कर रहे युवकों ने तेज रफ्तार में उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद युवक अपनी एक बाइक मौके पर छोड़कर दूसरी बाइक से मौके से फरार हो गए.
गंगा बैराज के पास स्थित मैगी प्वाइंट पर हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवतियों को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां पर डॉक्टरों ने भाविका को मृत घोषित कर दिया, जबकि नेहा की हालत गंभीर बनी हुई है.

परिजनों ने बताया कि जिस युवक ब्रजेश निषाद की बाइक से एक्सीडेंट हुआ है, उसकी बाइक पर उसकी इंस्टाग्राम आईडी भी दर्ज है, जब उसकी आईडी में खंगाला गया, तो उसमें एक्सीडेंट का जिक्र कमेंट बॉक्स में पड़ा हुआ है.

परिजनों ने बाइक चालक ब्रजेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है. भाविका के पिता मनीष गुप्ता होटल लैंडमार्क में शेफ हैं.

