ABC News: पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के समर्थन को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी को गुरूवार को नजरबंद कर लिया गया. गौरतलब हो कि एक दिन पहले फूलबाग में छात्र नेताओं के 24 घंटे के सत्याग्रह की तैयारी से पहले विधायक अमिताभ बाजपेयी फूलबाग में गांधी प्रतिमा के गेट पर धरने पर बैठ गए थे.
इसके बाद पुलिस ने विधायक अमिताभ बाजपेयी, मो. हसन रूमी को गिरफ्तार कर लिया. बाद में सभी को ट्रैफिक पुलिस लाइन ले जाकर रिहा कर दिया गया था. विधायक अमिताभ बाजपेयी ने गुरूवार को सत्याग्रह जारी रखने का ऐलान किया. जिसके चलते, सपा विधायक के आरएस पुरम, काकादेव स्थित घर के बाहर सुबह से ही पुलिस का भारी पहरा रहा. सत्याग्रह से पहले विधायक अमिताभ बाजपेयी सीएसए पहुंचे और यहां पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के सामने नमन करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की.
यहां पर पुलिस पहुंच गई और सपा विधायक को अपने वाहन से लेकर उनके घर पर पहुंची और वहीं पर नजरबंद कर दिया. विधायक ने इसे अपनी जीत बताया. इसके बाद तय समय पर वह फूलबाग जाने के लिए समर्थकों समेेत घर से निकले, तो पुलिस ने बैरीकेडिंग लगा दी. समर्थकों की धक्कामुक्की, नारेबाजी के बीच विधायक अमिताभ बाजपेयी ने मौका मिलते ही पुलिस की नजरें बचाकर घर से बाहर की तरफ दौड़ लगा दी. तो पुलिस के भी हाथ पैर फूल गए, यहां पर पुलिस को चकमा देने में कामयाब हुए विधायक अमिताभ को हालांकि, कुछ दूरी पर जाकर पुलिस ने फिर पकड़ लिया और उन्हें घर वापस ले आयी.
जिसके बाद वह अपने घर पर ही धरने पर बैठ गए और समर्थकों समेत नारेबाजी की.

