ABC News: लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास न होने पर एक बार फिर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा और कांग्रेस पर हमला बोला है. कानपुर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आजादी के बाद महिलाओं को सबसे बड़ी उम्मीद थी.
महिलाओं को अधिकार संपन्न बनाने के लिए जो आरक्षण का बिल आया था, उस पर सपा और कांग्रेस ने डाका डालने का काम किया है. डिप्टी सीएम ने कहा कि देश की महिलाएं सपा और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेंगी क्योंकि इन दोनों दलों ने उनके रास्ते में गड्ढे बनाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि संसद में गृहमंत्री ने लिखकर देने की बात कही, पीएम मोदी ने श्रेय का ब्लैंक चेक देने की बात कही, इसके बावजूद विपक्ष टस से मस नहीं हुआ. बिल न पास होने से महिलाएं आहत हैं. आजादी के बाद उन्हें जो सबसे बड़ा मौका मिलने वाला था, वह सपा और कांग्रेस के गठजोड़ से पूरा नहीं हो पाया. इस दौरान बात जब सपा सांसद नरेश उत्तम के घर पर प्रदर्शन और उनकी नेम प्लेट पर जूता चप्पल चलाने की आयी तो बस यही कहा कि प्रशासन के लोग लगे हैं. कानून व्यवस्था को मेनटेन किया जाएगा.

