ABC News: कानपुर साउथ सिटी में करीब एक घंटे की मूसलाधार बरसात ने एक बार फिर सड़कों को पानी से लबालब कर दिया. इसकी वजह से राहगीरों से लेकर व्यापारियों की समस्याओं में इजाफा हो गया.सावन के आखिरी सोमवार को सुबह करीब सवा 11 बजे साउथ सिटी में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो करीब एक घंटे तक चला.
झमाझम बारिश की वजह से किदवईनगर, साकेतनगर, गोविंदनगर, चावला मार्केट समेत अन्य जगहों पर भीषण जलभराव हो गया. कारोबारी सप्ताह के पहले ही दिन सुबह से बारिश के बाद चावला मार्केट में कई व्यापारियों की दुकानों के शटर तक नहीं उठ पाए. यहां पर कई दुकानों में पानी भरने से व्यापारियों का माल भीग गया. व्यापारियों का कहना था कि हर बारिश की यही कहानी होती थी और यहां पर करीब दो दो फुट तक पानी भर जाता है. इसी तरह साकेतनगर में भी राहगीर जलभराव से जूझते नजर आए, किदवईनगर, जूही, हमीरपुर रोड और जिन स्थानों पर सीएम ग्रिड योजना का काम चल रहा है, वहां पर जलभराव की वजह से और ज्यादा मुश्किल देखी गई.
जलभराव में बाथ टब को बनाया नाव, कांग्रेस नेता का प्रदर्शन
कानपुर साउथ सिटी में करीब एक घंटे की बारिश के बाद हुए जलभराव के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने नए तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. गोविंदनगर स्थित चावला मार्केट चौराहे पर हुए जलभराव के विरोध में कांग्रेस नेता विकास अवस्थी समर्थकों समेत यहां पर बाथ टब लेकर पहुंच गए और फिर उसमे सवार होकर यहां पर हुए जलभराव में नाव चलाकर सभी का ध्यान अपनी तरफ आकृष्ट कराया. कांग्रेस नेता विकास अवस्थी ने कहा कि हर बारिश में साउथ सिटी की यही तस्वीर होती है, ऐसे में नगर निगम की नाला सफाई पर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने नाला सफाई की जांच कराने की मांग करने के साथ ही अफसरों पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि जलभराव से राहगीरों से लेकर व्यापारी तक सभी परेशान हैं लेकिन नगर निगम का अमला कहीं नजर नहीं आ रहा है. जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है. जलभराव को लेकर यहां के व्यापारी भी नाराज दिखे.

