ABC News: रक्षाबंधन के पर्व पर पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की बहन आरती शनिवार को जब घर पहुंची तो वह भावुक हो गईं. शुभम के बिना पहली बार जब रक्षाबंधन पर बहन आरती घर आयी तो भावुक पलों ने हर किसी की आंख को नम कर दिया. यहां पर शुभम द्विवेदी की बहन आरती ने इस रक्षाबंधन पर भाई की तस्वीर पर तिलक कर श्रद्धांजलि दी.

बहन ने अन्य भाइयों सौरभ और सौमित्र की कलाई पर राखी बांधते हुए शुभम की पिछली रक्षाबंधन की बातें याद कीं और फूट-फूटकर रो पड़ी. दअरसल, पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले शुभम के साथ उनकी बहन भी गई थीं. हादसे के बाद यह पहला रक्षा बंधन था. इस बार शुभम नहीं हैं. जैसे ही बहन घर पहुंची तो शुभम को याद कर आंखों से आंसू बहने लगे. शुभम की फोटो हाथ में पकड़ वो भाई को निहारे जा रही थी. कह रही थीं कि भैया हर बार की तरह आपको राखी बांधने आ गई लेकिन इस बार आप हैं नहीं. घर वालों ने समझाया और सांत्वना दी तब जाकर आरती ने अपने आपको संभाला. इस मौके पर हर सदस्य की आंखें नम थीं. शुभम की याद में डूबे परिवार ने रक्षाबंधन को श्रद्धा और आंसुओं के साथ मनाया. बहन आरती ने बताया कि राखी बांध कर जब पैसे देने होते थे, तो हाथ में कुछ पैसे रख देता था. कहता था हाथ खोलकर देखो बहुत रुपये दिए हैं. फिर आरती कहती बस इतने, तो कहता अब ऑनलाइन मिलेंगे. आरती ने कहा शुभम हर साल राखी पर सबसे पहले आता था और मिठाई लेकर मुस्कुराता था, लेकिन इस बार उसकी मुस्कान सिर्फ तस्वीर में रह गई है. परिवार ने शुभम की तस्वीर के सामने दीप जलाकर उसे भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

