ABC News: सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी पर की गई अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को कानपुर में सिख समाज का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में सिख संगठनों के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने फजलगंज थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने थाने के बाहर सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

सिख समाज के लोगों का आरोप है कि शनिवार को एक अजय सिंह नाम शख्स ने रेस्टोरेंट संचालक को फोन किया. आरोप है अजय सिंह भाजपा कार्यकर्ता है और उसने पहले रेस्टोरेंट संचालक से गलत तरीके से बातचीत की और फिर श्री गुरू गोविंद सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणी की. इसको लेकर हर तरफ आक्रोश देखा जा रहा है. उनका कहना है कि जब भाजपा कार्यकर्ता का आडियो वायरल हुआ तो वह लोग काफी आक्रोशित हैं.

फजलगंज थाने का घेराव करते हुए सिख समाज के लोगों ने कहा कि सिख गुरूओं ने अपना बलिदान दिया है लेकिन आरोपी ने जिस तरह की अमर्यादित टिप्पणी की है, वह बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है. इसके साथ ही आरोप लगाया कि कानपुर में सिख समाज के साथ जो भी मामले हो रहे हैं, उसमे भाजपा कार्यकर्ता ही शामिल दिख रहे हैं.
इसको लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए. बताया गया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन थाने में जमा सिख समाज के लोगों ने एफआईआर में धाराएं बढ़ाने और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

