ABC News: कानपुर आए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पूर्व मंत्री अंटू मिश्रा को बसपा से निकाले जाने पर तो खामोशी अपनाई लेकिन समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला.
मर्चेंट चेंबर सभागार में एक कार्यक्रम में आए डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर बहरूपिए जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब इनकी सरकारी रहती थी. तब यह लोग गुंडे और माफियाओं को पोषित करते थे, उनके समय में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया चलता था. गुडों को बढ़ावा दिया जाता था लेकिन जब से यूपी में भाजपा की सरकार आयी है तब से उसे बीमारू राज्य से निकालकर रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बनाया गया है. उन्होंने कहा कि सपा के समय में एमवाई समीकरण पर काम होता था लेकिन भाजपा सरकार में सबका साथ सबका विकास के आधार पर काम हो रहा है.
सपना देखना छोड़ दें शिवपाल यादव
कानपुर में हर घर तिरंगा अभियान के बिठूर विधानसभा में तिरंगा यात्रा निकाली गई. यहां पर आयोजित तिरंगा यात्रा में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी शामिल हुए. यहां पर डिप्टी सीएम ने रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ ही तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया. डिप्टी सीएम ने कहा कि बिठूर का इतिहास प्रथम स्वाधीनता संग्राम से रहा है, ऐसे में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को यहां से श्रद्धांजलि देना जरूरी है. यहां पर सपा महासचिव शिवपाल यादव के आजम खां को प्रदेश का गृहमंत्री बनाए जाने के बयान पर डिप्टी सीएम ने कहा कि वह सपना देखना छोड़ दें. उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है.उन्होंने कहा कि 2027 में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी.

