ABC News: प्रयागराज की तर्ज पर अब कानपुर में भी 12 ज्योर्तिलिंगों के दर्शन कराए जाएंगे. इसके लिए कल्याणपुर के बुद्धा पार्क में नगर निगम 15 करोड़ की लागत से शिवालय पार्क की स्थापना कराएगा. यहां पर केवल 12 ज्योर्तिलिंगों के दर्शन ही नहीं होंगे बल्कि बच्चों के लिए हैप्पीनेस किड्स जोन की स्थापना की जाएगी और इसे एम्यूज़मेंट पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा.
इसको लेकर नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने इंदिरानगर स्थित बुद्धा पार्क का जायजा लिया. नगर निगम के चीफ इंजीनियर सैयद फरीद अख्तर जैदी और अधिशाषी अभियंता दिवाकर भास्कर के साथ पूरी योजना के ले आउट प्लान पर भी यहां पर चर्चा की. नगर आयुक्त ने बताया कि यहां पर मियावकी पद्धति से पौधरोपण का कार्य किया जाएगा. इसके अलावा प्रयागराज की तर्ज पर भारत के 12 ज्योर्तिलिंगों से जुड़ी मूर्ति लगवाई जाएगी. जिससे यहां आने वाली जनता 12 ज्योर्तिलिंगों के पौराणिक महत्व को जान सके.
बच्चों के लिए हैप्पीनेस किड्स जोन बनाकर लाइट, फव्वारे, झूले आदि लगवाए जाएंगे, पार्क को इस तरह से डेवलप किया जाएगा. जिससे यहां पर आने वाले लोग आनंद के पल बिता सके. उन्होंने बताया कि 15 करोड़ की लागत से यहां पर कार्य कराया जाएगा.

