ABC News: कल्याणपुर थानाक्षेत्र में बाइक टच होने पर दबंगों ने नाबालिग को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बाइक से स्कूटी टकराने के विवाद में दबंगों ने किशोर की लात-घूसे, लाठी-डंडे व हॉकी से बेरहमी से पिटाई कर दी. पिटाई से किशोर लहूलुहान हो गया. परिजनों ने इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उसकी मौत हो गई.
कल्याणपुर के नानकारी बगिया के रहने वाला सुमित वाल्मीकि (17) छात्र था. बीती 24 अप्रैल को वह स्कूटी से किसी काम से जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में ही पड़ोसी गुड्डे के साले रवि की बाइक से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों में विवाद हो गया. इस दौरान रवि ने सुमित की पिटाई कर दी. घटना के बाद सुमित ने अपने घर पहुंचकर पूरी बात परिजनों को बताई. सुमित की मां मंजू रवि के घर पर शिकायत करने गई. इस दौरान गुड्डू की पत्नी ने शिकायत करने पर देख लेने की धमकी दी. इधर, 25 अप्रैल को सुमित को रास्ते में गुड्डू के साले रवि, आनंद, गुन्नू व आठ से दस अज्ञात साथियों ने घेर लिया.
दबंगों ने गाली-गलौज करने के बाद सुमित की लात-घूसे, लाठी-डंडे व हॉकी से बेरहमी से पिटाई कर दी. इसके बाद मौके से फरार हो गये. परिजनों ने सुमित को इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया. जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद से ही पिता अमित, मां मंजू, छोटा भाई चिराग, दो बहनें लक्ष्मी व निहारिका का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक के परिजनों ने कल्याणपुर पुलिस भी सवाल उठाए हैं

