ABC News: ईदगाह चौराहा से ब्रह्मनगर जाने वाले रास्ते पर धंसे डॉट नाले को लेकर एक तरफ जहां लोगों के अंदर डर का माहौल है, वहीं, अब इसकी मरम्मत का काम भी शुरू हो चुका है. एक दिन पहले नगर निगम, जलकल और प्रशासनिक अफसरों के निरीक्षण करने के बाद गुरूवार को यहां पर बालू की बोरियां बनाने का काम तेजी से किया गया.
बताया गया कि डॉट नाले की मरम्मत के दौरान इसमें दो बड़े पाइप डाले जाएंगे. पाइप डालने से पहले बालू की बोरियों की दीवार खड़ी की जाएगी, जिससे पाइप को सहारा मिल सके. गुरूवार को यहां पर लगे मजदूर बालू की बोरियां बनाने में जुटे रहे.
वहीं, जिन मकानों को नोटिस दिया गया है, वहां के लोग परेशान हैं, डॉट नाले के आसपास की दुकानें बंद होने से व्यापारी भी परेशान हैं. स्थानीय पार्षद आलोक पांडेय का कहना है जितनी तेजी से काम चलना चाहिए, वह तेजी अभी नहीं दिखाई पड़ रही है.
उन्होंने कहा कि बार बार यहां पर जिस तरह से डॉट नाला धंस रहा है, उसे देखते हुए नगर निगम को ठोस काम करने की जरूरत है.

