ABC News: कांग्रेस में आलोक मिश्र-पवन गुप्ता विवाद की रार अभी शांत भी नहीं पड़ी थी कि अब एक और विवाद भड़क गया है. दरअसल, पिछले दिनों कांग्रेस ने जो प्रदर्शन किया, उसमें कई नेता ऐसे रहे जो तिलकहॉल तक तो आए लेकिन उसके बाद जुलूस में न जाकर वापस हो लिए.

जब कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई तो पार्टी नेताओं का एक धड़ा, उन चेहरों की मुखालफत में जुट गया है, जो तिलकहॉल मेें केवल हाजिरी लगाकर वापस हो लिए थे. कांग्रेस में अंदरखाने चर्चा है कि लोकसभा चुनाव लड़े आलोक मिश्र भी ऐसे चेहरों में शामिल थे, जो तिलकहॉल तक तो आए लेकिन उसके बाद वापस हो लिए. ऐसे ही नेताओं के खिलाफ शहर कांग्रेस कमेटी में कई पद संभाल चुके कृपेश त्रिपाठी ने हमला बोला है.

कृपेश ने अपनी दो फेसबुक पोस्ट के जरिए ऐसे नेताओं पर हमला बोला है. इसमें उन्होंने लिखा कि संघर्ष की बेला पर रण छोड़ कर भागना, बहुत शर्मनाक, कैसे करोगे 4 लाख बाइस हज़ार को 5 लाख पचास हजार,, रण छोड़ कर ? वहीं, दूसरी पेास्ट में लिखा कि विपक्ष की राजनीति रसमलाई नहीं होती है. FIR से डर लगे तो घर बैठो, कोई जरुरी नहीं, किसी डॉक्टर ने तो कहा नहीं है, कृपेश की इस पोस्ट के बाद कांग्रेस की गुटबाजी भी मुखर होकर सामने आ गई है.
कांग्रेसी भी इस बात से परेशान हैं कि एक बवाल अभी थमा नहीं था कि दूसरा मामला सामने आ गया. हालांकि, नगर ग्रामीण अध्यक्ष का कहना है कि उनकी जानकारी में नहीं है कि ऐसा कौन चेहरा था जो तिलकहॉल में आया, लेकिन जुलूस में नहीं आया.

