ABC News: बिधनू में ट्रैक्टर से खेत मे लगे पिलर तोड़ने के विवाद में दो पक्षों में हुई कहासुनी बड़े संघर्ष में तब्दील हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पथराव शुरू कर दिया. साथ ही फायरिंग भी की गई. इस पर पूर्व प्रधान पति समेत सभी ने घर के अंदर छिपकर जान बचाई.

बताया जा रहा है कि हड़हा निवासी राजू सिंह की पत्नी जनकदुलारी ग्राम प्रधान रह चुकी हैं. गांव के रास्ते पर ग्राम प्रधान पति राजू का 10 बिस्वा खेत है, जिसके चारों तरफ राजू ने सीमेंट पिलर गाड़कर लोहे के तार खींच रखे हैं. मंगलवार सुबह पड़ोसी मदन सिंह का बेटा शेखर ट्रैक्टर से हनुमान मंदिर के पास स्थित खेत जा रहे थे. तभी ट्रैक्टर की टक्कर से पिलर गिर गए. इस पर यहां पर मौजूद राजू के बेटे रामबाबू ने विरोध किया, तो दोनों के बीच में गाली गलौज शुरू हो गई. दोनो पक्षों में विवाद होता देख आसपास खेत में काम कर रहे किसान मौके पर आ गए. उस समय तो मामला शांत करा दिया गया लेकिन वहां से लौटने के बाद ट्रैक्टर चला रहा शेखर और उसके परिवारीजन फिर से गाली गलौच करने लगे. राजू सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो उनके घर पर ईंट पत्थर चला दिए गए.

इस दौरान उनकी पत्नी जनक दुलारी व भाभी नीतू के चोंट आई. इस दौरान फायरिंग भी की गई. जानकारी मिलते ही मौके पर बिधनू पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस का कहना है कि खेत में लगे पिलर तोड़ने को लेकर दो पक्षों ने कहासुनी के बाद विवाद की बात सामने आई है. इस दौरान एक पक्ष के द्वारा अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग की गई है. दोनो पक्षों की ओर से तहरीर मिली है. जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

