ABC News: कानपुर के बिधनू थानाक्षेत्र में रविवार शाम को भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां पर कानपुर सागर हाइवे पर अफजलपुर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि बाइक में टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ने रोडवेज बस नहीं रोकी और बस में फंसी बाइक को लेकर डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता रहा.
इसके बाद रास्ते में एक डंपर सामने आने पर बिधनू थाने के सामने ड्राइवर ने रोडवेज बस को रोका और फरार हो गया. बताया जा रहा है कि इस हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से हताहतों को सीएचसी भेजा.
हादसे के बाद कानपुर सागर हाइवे पर लंबा जाम लग गया. वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने भी हाइवे पर जाम लगा दिया. मौके पर पहुंची बिधनू पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराती रही. पुलिस ने फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है.
मामा के यहां घूमने गए थे युवक
शिवराजपुर थाना क्षेत्र के ईंधना निवासी 18 साल का नारायण इंटर का छात्र था. वह बिधनू थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव निवासी अपने मामा शिवमोहन के यहां पर घूमने आया था. रविवार शाम नारायण अफजलपुर गांव निवासी अपने साथी 23 वर्षीय शौमेंद्र और 32 वर्षीय सतेंद्र यादव के साथ बाइक से बिधनू बाजार गए थे. वहां से तीनों बाइक से वापस अफजलपुर गांव लौट रहे थे. तभी बिधनू थाना क्षेत्र के कानपुर सागर हाईवे पर महोबा डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मारते हुए रौंद दिया. हादसे में नारायण और शौमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सतेंद्र ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.

