ABC News: कानपुर में रात से सुबह तक हुई झमाझम बारिश ने लोगों की दुश्वारियों को काफी बढ़ा दिया है. जाजमऊ में सरैया चौराहे के पास अचानक सड़क धंस गई और बड़ा गड्ढा हो गया. इसके बाद हुई बारिश के बाद सड़क पर भरा पानी गड्ढे में जाने की वजह से यहां का नजारा किसी वॉटर फॉल जैसा नजर आया.
यह देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बैरीकेडिंग लगाकर यहां का रास्ता बंद कराया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह यहां पर एक छोटा गड्ढा हुआ था, उसके बाद लगातार होती बारिश के बीच अचानक से सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया. बताया जा रहा है कि इस सड़क पर करीब 10 फीट चौड़ा और लगभग 18 फीट गहरा गड्ढा हो गया.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आवागमन प्रभावित हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर बैरिकेडिंग लगाकर सड़क को बंद कर दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रोड पर जुलूस ए मोहम्मदी भी निकलता है, ऐसे में यहां पर लोगों की काफी भीड़ होती है.
इसके पहले भी यहां पर सड़क धंस चुकी है लेकिन हर बार यहां पर लापरवाही बरती जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नमामि गंगे परियोजना के तहत इस मार्ग पर गहरी सीवर लाइन डालने का काम किया गया था.
आरोप है कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़क की खुदाई को ठीक तरीके से नहीं भरा गया, जिसके चलते लगातार बारिश में मिट्टी बैठ गई और सड़क अचानक धंस गई.

