ABC News: कानपुर में सड़कों की बदहाली रह-रहकर सामने आ रही है. हालांकि, सड़कों पर पैचवर्क का काम शुरू हो चुका है, इसके बावजूद अभी भी तमाम सड़कें ऐसी हैं, जहां से निकलना खतरे के सफर जैसा प्रतीत होता है.
ऐसी ही एक सड़क रावतपुर से कंपनीबाग वाली भी है. यहां पर मेट्रो और जलनिगम की खुदाई के बाद सड़क पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है. बारिश खत्म होने के बाद भी यहां पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरा हुआ है, जिससे जगह जगह पर कीचड़ दिखाई पड़ रहा है.
ऐसे में यहांं से निकलने में सबसे ज्यादा परेशानी दो पहिया और तिपहिया वाहनों के सामने आ रही है.
राहगीरों का कहना है कि गड्ढो में फंसकर कई वाहन यहां पर पलट चुके हैं. एक दिन पहले एक बाइक सवार के गिरने का वीडियो भी सामने आया था.
इसके अलावा गड्ढों में फंसकर लोगों के वाहनों के टायर भी पंक्चर हो रहे हैं, जिससे राहगीर परेशान हैं.
उनका कहना है कि मेट्रो के कार्य के चलते ही पूरी सड़क दुर्दशा का शिकार है. अफसरों को भी इस सड़क के निर्माण का ध्यान नहीं आ रहा है.

