ABC News: नवाबगंज में दिसंबर 2021 मेें हुई अधिवक्ता राजाराम वर्मा की हत्या के मामले में अब उनके बेटे मीडिया के सामने आए हैं. सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रेस कांफ्रेंस कर राजाराम वर्मा के पुत्र नरेंद्र देव ने अपनी जान को खतरा बताया है. उन्होंने कहा कि उनके पिता की हत्या में सफेदपोश भूमाफिया शामिल हैं. इसको लेकर एनआरआई सिटी के जिम्मेदार लोगों के साथ कुछ वकीलों पर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए.
उन्होंने बताया कि उनके पिता ने अपनी मृत्यु से दो वर्ष पूर्व ही 2019 में एंटी भूमाफिया सेल और पुलिस को ई-मेल भेजकर जमीन विवाद में हत्या की आशंका जता दी थी. नरेंद्र देव ने कहा कि साल 2005-06 से उनके पिता की कृषि भूमि को हड़पने की साजिश शुरू हुई थी. आरोप है कि राजस्व अभिलेखों में फर्जी प्रविष्टियां करके और षड्यंत्रकारियों को सहखातेदार बनाकर जमीन को विवादित किया गया. इसके बाद 2009 में एनआरआई सिटी की विभिन्न कंपनियों के नाम कई फर्जी बैनामे दर्ज करा दिए गए. जब उनके पिता राजाराम वर्मा अपना राजस्व न्यायालय से अपना पक्ष मजबूत कर रहे थे, तभी दिसंबर 2021 को अज्ञात हमलावरों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी. उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक की छोटी बहू रेखा वर्मा को बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री राकेश कुमार तिवारी और एनआरआई सिटी से जुड़े लोगों ने अपने साथ मिलाकर कई फर्जी विक्रय अनुबंध कराए. हाल ही में 6 और 7 नवंबर 2025 को भी रेखा वर्मा द्वारा कई अधिवक्ताओं और अन्य लोगों के नाम जमीन के नए बैनामे किए गए. जिनमें हत्या के आरोपी गवाह के तौर पर शामिल रहे.
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 मेें तत्कालीन पुलिस कमिश्नर से मिलकर हत्या की विवेचना निष्पक्ष ढंग से कराने की मांग की लेकिन उन्होंने सुनवाई नहीं की. इसके बाद उन्होंने एक बार फिर वर्तमान पुलिस कमिश्नर से मुुलाकात की, आरोप लगाया कि ज्वाइंटर पुलिस कमिश्नर वीके सिंह जांच को सही दिशा में ला रहे थे तो सफेदपोश भूमाफियाओं ने अपनी पहुंच का इस्तेमाल करते हुए उनका ट्रांसफर करा दिया. पीड़ित पुत्र ने प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए यह भी कहा कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार सुरक्षा की गुहार लगाने के बावजूद कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई.

