ABC News: कानपुर के इस्पात नगर में ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली सीमेंट तैयार कर बेचने का मामला सामने आया है. एसीसी और अंबुजा जैसी नामी सीमेंट कंपनियों के रैपर में घटिया व मिलावटी सीमेंट भरकर बाजार में खपाया जा रहा था. बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर कंपनी की जांच टीम और पुलिस ने संयुक्त रूप से इस्पात नगर स्थित एक फैक्टरी में आकस्मिक छापेमारी की.

इस दौरान, फैक्टरी परिसर में प्रवेश करते ही पुलिस और जांच टीम के होश उड़ गए. वहां बड़े पैमाने पर ब्रांडेड सीमेंट बोरियों में रि-पैकिंग का काम चल रहा था. टीम ने मौके से लगभग एक हजार बोरी नकली सीमेंट बरामद की गई है. इसके अलावा भारी मात्रा में खाली नकली रैपर, बोरियां सिलाई करने वाली मशीनें और मिलावट में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल जब्त किया गया है. जांच टीम के अनुसार, यह गिरोह सस्ते और घटिया डस्ट व लोकल सीमेंट को एसीसी और अंबुजा के असली पैकेटों में भरकर बाजार में कम दामों पर सप्लाई करता था.

इससे न केवल कंपनियों के राजस्व और साख को नुकसान पहुंच रहा था. बल्कि आम जनता के मकानों व निर्माण कार्यों की मजबूती के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था. पुलिस ने मामला दर्ज कर फैक्ट्री संचालक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है.

