ABC News: कानपुर के अरौल में एक किशोर की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि अभियुक्तों ने किशोर का चेहरा कूचने के बाद पास के जंगल में सूखे कुएं में उसका शव फेंक दिया. इसके बाद उसी के मोबाइल से परिजनों को वॉट्सऐप मैसेज कर 10 लाख रूपए की फिरौती मांगी. बताया जा रहा है कि फिरौती मांगने की बात पर सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है. वहीं, किशोर की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है.

बिल्हौर के मकनपुर गांव निवासी नज़ीर अहमद प्रॉपर्टी डीलर हैं. उनके घर में उनकी पत्नी सहबर जहां, सात बेटे और चार बेटियां हैं. परिजनों का कहना है कि सबसे छोटा बेटा खुर्शीद अनवर कक्षा पांच में पढ़ता था और बुधवार शाम को जिम जाने की बात कहकर घर से निकला था. देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई. उसके मोबाइल में भी कॉल कर पता करना चाहा लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पायी. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. इसी बीच, खुर्शीद के मोबाइल फोन से उसके भाई वसीर अनवर को मैसेज कर दस लाख रुपए फिरौती की मांग की गई. फिरौती मांगने की बात पर परिजनों के होश उड़ गए और उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी.

फिरौती की सूचना पर हरकत में आयी पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी चेक किए तो किशोर गांव के अपने चार दोस्तों के साथ बाइक पर दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी में दिख रहे तीन दोस्तों को हिरासत में लिया, जबकि एक फरार हो गया. अभियुक्तों के पास से खुर्शीद का मोबाइल भी बरामद हुआ है. आरोपी दोस्तों से मिली जानकारी पर पुलिस ने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के किनारे मौजूद कुएं से उसका शव बरामद कर लिया. एसीपी बिल्हौर अमरनाथ का कहना है कि कुछ लोगों केा हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है

