ABC News: विश्व हिन्दू परिषद् के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने जनसंख्या असंतुलन को सबसे गंभीर और दूरगामी प्रभाव वाला मुद्दा बताया है. कानपुर के बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि यह केवल जनगणना या आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामाजिक स्थिरता, सांस्कृतिक सुरक्षा, राष्ट्रीय संतुलन और भावी पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है.
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस विषय पर गंभीर राष्ट्रीय विमर्श, सामाजिक जागरूकता और नीतिगत स्पष्टता नहीं लाई गई, तो आने वाले समय में इसके परिणाम राष्ट्र जीवन पर गहरा प्रभाव डाल सकते हैं. जनसंख्या का असंतुलन किसी भी समाज की सांस्कृतिक निरंतरता, सामाजिक संरचना, संसाधनों के संतुलन और आंतरिक शांति को प्रभावित करता है. इस दौरान जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध करने की बात करते हुए उन्होेंने कहा कि हर हिंदू परिवार में दो से तीन बच्चे होने चाहिए., विहिप के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि लव जिहाद, धर्मांतरण, सुनियोजित सांस्कृतिक हस्तक्षेप के जरिए हिंदू समाज की पारिवारिक और सामाजिक संरचना को कमजोर करने के प्रयास चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि जरूरत इस बात की है कि हिंदू जाति, क्षेत्र, भाषा, पूजा पद्धति और स्थानीय भेदों से ऊपर उठकर एकजुट हो.

