ABC News: नगर निगम में माफियाराज के खिलाफ सीएम योगी के सख्त तेवरों का लगातार असर दिख रहा है. सीएम योगी की सख्ती के बाद नगर निगम अफसरों की तरफ से स्वरूपनगर थाने में पांच और एक अन्य शख्स द्वारा फजलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया. इसके बाद पुलिस ने नगर निगम के दो बड़े ठेकेदारों संदीप जैन और रज्जन बाजपेयी को गिरफ्तार कर लिया है.
ठेकेदारों के सिंडीकेट का सरगना गोविंद शर्मा फरार है, पुलिस को उसकी लोकेशन राजस्थान में मिली है. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि पूरे काकस का सरगना गोविंद शर्मा है, जो फरार चल रहा है. पहले उसकी लोकेशन मध्यप्रदेश में मिली और अब उसकी लोकेशन राजस्थान में मिल रही है. उन्होंने बताया कि पांच मामले नगर निगम की तरफ से दर्ज कराए गए हैं जबकि एक मामला सनी सिंह भदौरिया ने दर्ज कराया है. ठेकेदारों का सरगना गोविंद शर्मा सारे ठेके तय करता था. 85 प्रतिशत रकम पर ठेकों को लॉटरी से दिया जाता था. पुलिस आयुक्त ने बताया कि दबाव और डराने धमकाने वाले ठेकेदारों के अभिलेखों की जांच पड़ताल की जा रही है. इसके अलावा जो सात फर्में ब्लैक लिस्ट की गई हैं, उनकी भी जांच की जा रही है.अभिलेख देखे जा रहे हैं.
कई फर्मों के अभिलेख जांच में सही नहीं पाए गए हैं, ऐसे में किस आधार पर इनका रजिस्ट्रेशन हुआ, टेंडर के बाद वर्क आर्डर जारी हुए, इसकी भी जांच की जा रही है. इसमें अधिकारियेां की भी मिलीभगत की जांच की जा रही है. ब्लैक लिस्ट फर्म के बैंक खातों, संपत्ति और अन्य फर्मों की भी जांच की जाएगी. इसके अलावा डराने धमकाने में और और कौन शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस आयुक्त ने बताया कि इसके चलते नगर आयुक्त ने 100 करोड़ के टेंडर निरस्त कर दिए हैं, अब इन्हें ई टेंडरिंग के माध्यम से आने वाले दिनों में निकाला जाएगा, इसके लिए नगर आयुक्त ने एक टीम का भी गठन किया है.

