ABC News: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने वर्तमान चुनौतियों को समझते हुए पुलिस को महिलाओं के प्रति और ज्यादा संवेदनशील होने की सलाह दी है. कानपुर में रागेंद्र स्वरूप सभागार में Advanced Gender Sensitive Policing विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए पुलिस एक बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा है.
कोई भी महिला के लिए थाना गवर्मेंट आफिस नहीं होता है बल्कि न्याय की पहली उम्मीद होता है. ऐसे में महिलाओं की उम्मीद टूटनी नहीं चाहिए. कानून के साथ संवेदनशीलता भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि उनके सामने जब महिलाएं शिकायत लेकर आती हैं तो पुलिस बैठकर देखा करती है जबकि जरूरत है कि त्वरित गति से विषय पर ध्यान दिया जाए. पति-पत्नी के बीच होने वाले विवाद के मामलों में तुरंत मुकदमा न दर्ज कर धैर्य से मामले के निस्तारण की भी बात कही. पुलिस को बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए अधिक स्किल्स अपनाने की जरूरत है.
इसी को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ट्रेनिंग प्रोग्राम चला रहा है, जिससे पुलिस अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बने. इसके साथ ही महिलाओं के प्रति समाज के दृष्टिकोण में बदलाव लाने की जरूरत पर भी उन्होंने बल दिया. इस दौरान यहां पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान, पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने भी अपने विचार रखे.

