ABC News: कानपुर में किदवई नगर पुलिस की केबिल चोर गैंग से शुक्रवार भोर पहर मुठभेड़ हो गई. केबिल चोर गैंग बीएसएनएल की भूमिगत लाइनों की चोरी कर उन्हें बेचता था. मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने शातिर गैंगस्टर लाला उर्फ शमशेर के पैर में गोली मारकर उसे दबोचा गया है. शातिर ने अपने गैंग के साथ मिलकर करोड़ों रूपए की केबिल चोरी को अंजाम दिया था.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि किदवई नगर थाने की पुलिस ने बीएसएनएल और टेलीफोन की लैंडलाइन केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा पिछले दिनों करके पांच चोरों को जेल भेजा था. इस दौरान गिरोह का सरगना शमशेर उर्फ लाला फरार हो गया था. उन्होंने बताया कि जेल भेजे गए अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस सरगना की तलाश में लगी थी. इस दौरान एक सटकी सूचना पर भोर पहर तीन जगहों पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की. इस दौरान दो संदिग्ध बाइक सवारों को जब रोका गया तो उन्होंने सीधे फायर झोंक दिया. इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार की घेराबंदी की और एक के पैर में गोली मारकर दबोच लिया. जबकि गैंगस्टर का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला.
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाश की पहचान कौशांबी, जनपद गाजियाबाद निवासी लाला उर्फ शमशेर के रूप में हुई है. डीसीपी साउथ ने बताया कि पूछताछ के दौरान सामने आया कि शातिर लाला उर्फ शमशेर के खिलाफ 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और यह शातिर गैंगस्टर है. यह पूर्व में भी गैंगस्टर एक्ट में दो बार जेल जा चुका है तथा हाल ही में आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में इसी प्रकार की घटना कर चुका है. पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस व एक बाइक बरामद की है.

