ABC News: कानपुर में विधानसभा चुनावों से पहले सियासी अदावत में जमकर जोर आजमाइश चल रही है. पिछले दिनों राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के बयान का विरोध करने पर जिस कांग्रेस नेता को पुलिस ने हिरासत में लिया था, वह एक बार फिर रविवार को पुलिस गिरफ्त में आ गए. हालांकि, समर्थकों के हंगामे के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया.
दरअसल, रविवार को रामादेवी स्थित गेस्ट हाउस में क्षत्रिय स्वाभिमान चेतना सम्मेलन का आयोजन किया गया. कहा जा रहा है कि सम्मेलन में सतीश महाना को हराने की शपथ भी ली गई. इस सम्मेलन के बाद कांग्रेस नेता धर्मराज सिंह चौहान समर्थकों समेत नंगे पैर अयोध्या के लिए रवाना होने लगे, तो कुछ दूरी पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इस दौरान कांग्रेस नेता के साथ उनके समर्थकों और पुलिस से झड़प भी हुई, यहां से आगे बढ़े धर्मराज चौहान को एक बार फिर फोर्स ने रोक लिया.
यहां पर चकेरी पुलिस ने किसी की एक न सुनते हुए कांग्रेस नेता धर्मराज सिंह चौहान को हिरासत में लिया और गाड़ी में बैठाकर थाने ले आयी. इसके बाद कांग्रेस नेता के समर्थकों का आक्रोश बढ़ गया और वह नारेबाजी करते हुए चकेरी थाने पहुंच गए और वहीं पर धरने पर बैठ गए. काफी देर तक कांग्रेस नेताओं के चले हंगामे, धरना प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अंतत: कांग्रेस नेता धर्मराज सिंह चौहान को छोड़ा लेकिन सीधे घर जाने की हिदायत दी.
कांग्रेस नेता ने विधानसभा अध्यक्ष के इशारे पर पुलिस द्वारा खुद को हिरासत में लेने का आरोप लगाया. कांग्रेस नेता ने कहा कि इसके पहले भी विधानसभा अध्यक्ष के इशारे पर उनके समर्थकों ने हमला किया, तब उनके साथ बेटे को हिरासत में लिया गया था, तभी से उन्होंने नंगे पैर चलने का संकल्प लिया था, उन्होंने कहा कि वह अब जनता के बीच जाकर जन जागरण करेंगे.

