ABC News: साउथ सिटी में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच नौबस्ता पुलिस के हाथ सफलता लगी है. पुलिस ने एक शातिर चोर के साथ ही सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार चोर ने पिछले साल किदवईनगर में सीएमओ के घर में चोरी समेत अन्य वारदातें कबूल की हैं. शातिर चोर के दो साथी अभी भी फरार चल रहे हैं. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि चोरी की रकम से शातिर औरैया में अपने मकान का निर्माण करा रहा था.

एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपी रेकी करने के बाद चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. नौबस्ता पुलिस ने सटीक सूचना पर तात्याटोपे नगर के अंडरपास के पास दबौली निवासी विक्रम को पकड़ा. विक्रम मूलत: औरैया का रहने वाला है. यहीं पर चोरी के माल को खरीदने के लिए आए पुखरायां निवासी सुनार सुरेश को भी पुलिस ने दबोच लिया. पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो विक्रम ने बताया कि पिछले साल किदवईनगर में सीएमओ के घर हुई 19 लाख की चोरी उसने साथियों के साथ मिलकर की थी. इसके अलावा यशोदानगर और वाई ब्लॉक किदवईनगर में हुई चोरी की घटना भी कबूल की. उसने बताया कि वह पिछले चार साल से चोरी के दौरान मिले जेवरात को सुरेश सुनार को बेच देते थे. जेवरात से मिली रकम और चोरी की रकम मिलाकर विक्रम औरैया में अपने नए मकान का निर्माण भी करा रहा था. एडीसीपी साउथ ने बताया कि पुलिस ने चोरों के पास से चार लाख कैश, चोरी के जेवरात और बाइक बरामद की है. आरोपी विक्रम उर्फ़ विक्की पर कई मुक़दमें दर्ज है. इनके साथी दबौली वेस्ट निवासी आशीष सोनकर और गुजैनी रेल पटरी निवासी शैंकी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

