ABC News: जरीब चौकी क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के हीरागंज की तरफ उतरने को लेकर यहां के व्यापारियों में आक्रोश देखा जा रहा है. इसके विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने पूरी बाजार बंद रखी.
इस दौरान हाथों में काले झंडे लेकर व्यापारियों ने जुलूस भी निकाला. हीरागंज की तरफ पुल आने के विरोध में यहां पर छोटी बड़ी किसी भी दुकान के शटर नहीं खोले गए.
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि जरीब चौकी क्रॉसिंग पर पहले पुल की जो डिजाइन पास की गई थी, वह टी आकार की थी लेकिन एलीवेटेड ट्रैक को मंजूरी मिलने के बाद एकाएक इसकी डिजाइन को बदल दिया गया. इसके बाद पुल की एक लेन जरीब चौकी होते ही हीरागंज की तरफ घंटाघर रोड पर आएगी.
उन्होंने कहा कि नई डिजाइन के आधार पर जब यहां पर पुल बनेगा तो कम से कम तीन से चार साल लग जाएंगे, ऐसी सूरत में उनका व्यापार पूरी तरह से ठप हो जाएगा.
व्यापारियों के साथ ही यहां के मकान मालिकों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा होगा तो उनके सामने विपरीत स्थितियां पैदा हो जाएंगी. इसीलिए प्रस्तावित ओवरब्रिज का वह लोग विरोध कर रहे हैं.

