ABC News: कानपुर में जाम का पर्याय बनी अनवरगंज मंधना रेलवे ट्रैक पर प्रस्तावित एलीवेटेड ट्रैक को लेकर एक बार फिर से कवायद तेज हुई है. इसको लेकर सोमवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व की अगुवाई में विभिन्न विभागों के अफसरों ने रेलवे अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वे किया. इससे पहले अनवरगंज रेलवे स्टेशन पर अफसरों के बीच बैठक भी हुई.

बैठक मेें एलीवेटेड ट्रैक के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि अनवरगंज से मंधना के बीच 16.5 किलोमीटर के एरिया में जो जमीन रेलवे ने चिंहित की है, उसका भौतिक परीक्षण कराने के साथ लागत विवरण और स्वामित्व सहित सारा ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश लेखपालों को दिए गए हैं. यहां पर पूर्वोत्तर रेलवे की उप मुख्य अभियंता मानसी मित्तल ने ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता को ट्रैक के बीच में आ रही विद्युत हाइटेंशन लाइन को शिफ्ट कराने को भी कहा. सर्वे में नगर निगम और जल कल विभाग के अधिकारियों से ट्रैक के निकट पड़ने वाले नाले, सीवर तथा अन्य भूमिगत लाइन को शिफ्ट करने के लिए पूरी ब्योरा मांगा गया.

बताया गया कि कल्याणपुर और रावतपुर स्टेशन को खत्म कर सीएसजेएम यूनिवसिर्टी के सामने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम पर नया स्टेशन बनाया जाएगा, इसके लिए जो भूमि की जरूरत होगी, उसका ब्योरा कृषि विभाग के अधिकारी देंगे. केस्को अफसरों को भी ट्रैक के समानांतर विद्युत लाइनें शिफ्ट कराने को कहा गया. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एलीवेटेड ट्रैक निर्माण के दौरान करीब दो साल तक अनवरगंज मंधना के बीच रेल यातायात का संचालन बंद रहेगा, ऐसे में अन्य मार्गों से ट्रेनों का संचालन होगा. इस दौरान बताया गया कि जरीब चौकी क्रॉसिंग पर बनने वाले सेतु एवं फ्लाईओवर परियोजना सेतु निगम मुख्यालय में परीक्षण करने के बाद लोक निर्माण विभाग के माध्यम से प्लानिंग विभाग को भेज दिया है जहां से प्रस्ताव स्वीकृत हेतु शासन को भेजा जाएगा.

