ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) भाजपा ने आखिरकार अपने जिलाध्यक्षों की सूची को जारी कर दिया है. बात अगर कानपुर के लिहाज से देखी जाए, तो लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा ने एक बार फिर पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष पद पर तरजीह दी है. भाजपा ने उत्तर जिला से जहां पार्टी के पुराने कार्यकर्ता दीपू पांडेय को जिलाध्यक्ष बनाया है, वहीं दक्षिण जिले में शिवराम सिंह को कमान सौंपी है, वहीं दिनेश कुशवाहा को कानपुर ग्रामीण का जिलाध्यक्ष बनाया है.

लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा में जिलाध्यक्षों की सूची में जिस तरह से पुराने कार्यकर्ताओं को स्थान दिया है, उसमें वोटबैंक को भी साधने की कोशिश की है. कानपुर में उत्तर जिले के अध्यक्ष बनाए गए दीपू पांडेय पार्टी के पुराने कार्यकर्ता है. पूर्व महापौर स्व. सरला सिंह के अति निकटस्थ कहे जाने वाले दीपू पांडेय पार्टी में दी जाने वाली कई जिम्मेदारियों को संभाल चुके हैं. बताया जा रहा है दीपू पांडेय की ताजपोशी में दोनों सांसद के अलावा एक पूर्व जिलाध्यक्ष की भी बड़ी भूमिका रही है. ये पूर्व जिलाध्यक्ष पार्टी के पुराने कार्यकर्ता के अलावा संघ में भी अच्छी पकड़ रखते हैं. दीपू पांडेय की ताजपोशी एक पूर्व मंत्री के खास चेहरे के लिए बड़े झटके के रूप में देखी जा रही है. इस खास चेहरे के भी दीपू पांडेय अति निकटस्थ लोगों में शामिल थे. इसके अलावा दीपू पांडेय की ताजपोशी कर पार्टी ने ब्राह्मण वोटवैंक को लेकर भी संदेश देने की कोशिश की है.

इसी तरह दक्षिण जिलाध्यक्ष बनाए गए शिवराम सिंह वर्तमान कमेटी में महामंत्री का पदभार संभाले हुए थे. शिवराम सिंह के घर पर ही लंबे समय तक दक्षिण कार्यालय भी संचालित रहा है. पुराने कार्यकर्ताओं में शुमार शिवराम सिंह के बारे में कहा जा रहा है कि पार्टी की हर जरूरत में वह सबसे आगे खड़े होने वालों में शामिल रहे.

इसी तरह कानपुर ग्रामीण में जिलाध्यक्ष बनाए गए दिनेश कुशवाहा के पीछे क्षेत्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे एक नेता का हाथ बताया जा रहा है. इन नेता के निकस्टथ लोगों में जो लोग शामिल हैं, उसमें दिनेश कुशवाहा भी शामिल हैं. ओबीसी वोट के लिहाज से दिनेश कुशवाहा को दी जाने वाली कमान के कई मायने निकाले जा रहे हैं. कानपुर देहात मेें जिलाध्यक्ष बनाए गए मनोज शुक्ल, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त पाए स्व. संतोष शुक्ल के भाई हैं.

